रुद्रप्रयाग। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी) में युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 13 दिवसीय निःशुल्क सीसीटीवी कैमरा एवं सुरक्षा अलार्म इंस्टॉलेशन एवं सर्विसिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसबीआई रुद्रप्रयाग के मुख्य शाखा प्रबंधक सचिन शाह और संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने किया।
इस अवसर पर मुख्य शाखा प्रबंधक सचिन शाह ने कहा कि वर्तमान समय में सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा उपकरणों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे तकनीकी प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता और अनुशासन के साथ पूरा करने का आह्वान किया।
संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि 13 दिवसीय प्रशिक्षण में जनपद रुद्रप्रयाग के तीनों विकासखंडों से आए युवक-युवतियां भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सीसीटीवी कैमरा, सुरक्षा अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, इंस्टॉलेशन, वायरिंग, सर्विसिंग, ट्रबलशूटिंग और उपकरणों के रखरखाव का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एसबीआई आरसेटी का उद्देश्य कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाना, स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह रावत ने प्रतिभागियों को संस्थान की कार्यप्रणाली, विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षणों और उद्यमिता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से तकनीकी ज्ञान का अधिकतम लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तकनीकी कौशल विकसित करने का संकल्प लिया।
