सीमाद्वार में जलभराव पर डीएम सख्त, 24 घंटे में सफाई और डिवाटरिंग के निर्देश

 

जलनिकासी की नियमित मॉनिटरिंग के लिए सीमाद्वार में ही तैनात रहेंगे पटवारी, स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम की डीपीआर तैयार होगी

 

देहरादून। बारिश के चलते शहर में जलभराव की समस्या को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं।

 

जिलाधिकारी ने नगर निगम को 24 घंटे के भीतर सड़क किनारे नालियों में जमा मलबे और कूड़े की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही डिवाटरिंग पंप के जरिए जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को सड़क पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

 

सीमाद्वार में ही रहकर निगरानी करेंगे पटवारी

 

डीएम ने निर्देश दिए कि जब तक जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो जाता, तब तक पटवारी सीमाद्वार क्षेत्र में ही रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करें। डिवाटरिंग कार्यों की मॉनिटरिंग के साथ स्थानीय स्तर पर आने वाली छोटी समस्याओं का भी तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जलभराव के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही आवश्यक बजट की स्वीकृति भी प्रदान की।

 

स्थायी समाधान के लिए बनेगी डीपीआर

 

जिलाधिकारी ने कहा कि सीमाद्वार में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था का विस्तृत सर्वेक्षण कर ड्रेनेज सिस्टम के स्थायी समाधान के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि कार्ययोजना केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसके तेजी से क्रियान्वयन पर भी जोर दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जलभराव की समस्या की नियमित निगरानी कर रहा है और इसका स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

 

न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई

 

इससे पहले जिलाधिकारी ने न्यूकैंट रोड पर यातायात जाम की स्थिति का भी औचक निरीक्षण किया। सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े चौपहिया और दोपहिया वाहनों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। पुलिस अधिकारियों के माध्यम से सड़क किनारे अवैध पार्क किए गए वाहनों के मौके पर चालान भी करवाए गए।

 

डीएम ने सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभाग को सड़क पर स्पष्ट नो-पार्किंग संकेतक बोर्ड लगाने को कहा।

 

न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण का होगा सर्वे

 

जिलाधिकारी ने लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए तत्काल विस्तृत सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में बाधक पुलिस चेकपोस्ट और अन्य संरचनाओं को आवश्यकतानुसार शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाए, ताकि न्यूकैंट क्षेत्र की बढ़ती यातायात समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था में बाधा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ओपी सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित पुलिस, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *