रुद्रप्रयाग के लिए नई पेयजल योजना की मांग, अलाइनमेंट बदलने और आधुनिक फिल्ट्रेशन सिस्टम लगाने पर जोर

 

 

 

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग शहर में नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता मोहित डिमरी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संदीप चतुर्वेदी से मुलाकात कर पेयजल व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई।

 

मोहित डिमरी ने कहा कि शहर की मौजूदा पेयजल योजना लगभग 25 वर्ष पुरानी है। गदेरे पर आधारित होने के कारण यह योजना हर वर्ष बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे शहरवासियों को कई दिनों तक पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। उन्होंने योजना का अलाइनमेंट बदलकर इसे अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और आपदा-रोधी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

उन्होंने बताया कि वर्तमान फिल्ट्रेशन सिस्टम भी अपेक्षित गुणवत्ता का नहीं है, जिसके कारण लोगों को पूरी तरह स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आधुनिक एवं उच्च गुणवत्ता वाले फिल्ट्रेशन सिस्टम स्थापित करने की मांग की।

 

मोहित डिमरी ने कहा कि मौजूदा योजना उस समय तैयार की गई थी, जब शहर की आबादी काफी कम थी। अब रुद्रप्रयाग की जनसंख्या 10 हजार से अधिक हो चुकी है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित नई और दीर्घकालिक पेयजल योजना तैयार की जानी चाहिए।

 

उन्होंने हाल ही में तीन-चार दिनों तक शहर की पेयजल आपूर्ति बाधित रहने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मौजूदा व्यवस्था की सीमाओं को दर्शाता है। उन्होंने सुझाव दिया कि अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों से लिफ्ट पेयजल योजना तैयार कर शहर को वर्षभर नियमित, पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

 

मोहित डिमरी ने कहा कि रुद्रप्रयाग के नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिशासी अभियंता से इस दिशा में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *