Your Website Description

राजा रणधीर सिंह को विरासत महोत्सव में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, पंडित साजन मिश्रा हुए भावुक

देहरादून। विरासत महोत्सव-2026 के दूसरे दिन सुबह आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय राजा रणधीर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुरुकुल स्थित अंतारा सीनियर लिविंग में आयोजित इस कार्यक्रम में रिच संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष आरके सिंह, सुप्रसिद्ध शास्त्रीय कलाकार पंडित साजन मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने राजा रणधीर सिंह से जुड़ी यादें साझा कीं।

पंडित साजन मिश्रा ने साझा कीं भावुक यादें

श्रद्धांजलि सभा में पंडित साजन मिश्रा ने राजा रणधीर सिंह को विशाल हृदय वाला व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनके साथ बिताए गए अमूल्य पल और यादें कभी भुलाई नहीं जा सकतीं। उन्होंने कहा कि राजा रणधीर सिंह का स्नेह, उनका हास्य-विनोद और लोगों को खुश रखने का अंदाज हमेशा याद रहेगा।

उन्होंने राजा साहब के साथ शिकार पर जाने और विभिन्न विषयों पर हुई बातचीत के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उन पलों को याद कर आज भी आंखें नम हो जाती हैं। उनके अनुसार, राजा रणधीर सिंह दूसरों की मदद करने और सभी के साथ आत्मीय संबंध बनाए रखने वाले असाधारण व्यक्तित्व थे।

आरके सिंह ने बताया विरासत से गहरा जुड़ाव

रिच संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष आरके सिंह ने कहा कि राजा रणधीर सिंह को लोगों से गहरा लगाव था। विरासत महोत्सव के प्रति भी उनका विशेष स्नेह और जुड़ाव रहा। उनकी हास्य-व्यंग्य से भरपूर भाषा शैली लोगों का दिल जीत लेती थी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राजा साहब के साथ बिताए गए पलों और उनसे जुड़े संस्मरणों को याद किया। इस अवसर पर उनके जीवन और व्यक्तित्व पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।

रानी विनीता सिंह को बनाया गया विरासत का संरक्षक

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बताया गया कि राजा रणधीर सिंह के निधन के बाद उनकी पत्नी रानी विनीता सिंह की सहमति से उन्हें विरासत का संरक्षक (पैट्रन) बनाया गया है।

इस अवसर पर उत्तराखंड वन विभाग के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी समीर सिन्हा, शास्त्रीय कलाकार स्वरांश मिश्रा, संस्था की संयुक्त सचिव विजयश्री जोशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने राजा रणधीर सिंह के योगदान और उनकी स्मृतियों को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *