महाकुंभ-2025 में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले एसडीआरएफ जवान सम्मानित

 

देहरादून। महाकुंभ-2025, प्रयागराज में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता सहित विभिन्न दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले उत्तराखण्ड एसडीआरएफ के जवानों को सम्मानित किया गया। महाकुंभ ड्यूटी में तैनात एसडीआरएफ टीम के लिए राज्य सरकार की ओर से ₹5 लाख की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।

 

वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में आयोजित कार्यक्रम में सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। महाकुंभ जैसे विशाल आयोजन के दौरान जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी अनुशासन, सतर्कता, साहस और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

 

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि महाकुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में अनुशासन, त्वरित निर्णय क्षमता, सतर्कता और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। एसडीआरएफ जवानों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए बल का गौरव बढ़ाया।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिया गया ₹5 लाख का नकद पुरस्कार जवानों की मेहनत और समर्पण का सम्मान है। इस प्रकार का प्रोत्साहन जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं उत्साह से दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है।

 

कार्यक्रम में उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनन्द सिंह रावत, निरीक्षक कविन्द्र सजवाण, सूबेदार सैन्य सहायक जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *