नारी निकेतन की संवासिनियों और बालिका निकेतन की बालिकाओं के लिए विशेष हेयर ग्रूमिंग एवं पर्सनल केयर क्लास

 

 

देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की पहल पर नारी निकेतन, केदारपुरम में निवासरत संवासिनियों एवं बालिका निकेतन की बालिकाओं के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और व्यक्तिगत स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष हेयर ग्रूमिंग एवं पर्सनल केयर क्लास का आयोजन किया गया।

 

जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन तथा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 155 संवासिनियों और 18 बालिकाओं को हेयर ग्रूमिंग एवं व्यक्तिगत साज-सज्जा से संबंधित सेवाएं और प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

 

IBI International, देहरादून की करीब 35 सदस्यीय छात्र एवं विशेषज्ञ टीम ने प्रतिभागियों को हेयर कटिंग, हेयर ग्रूमिंग, आइब्रो ग्रूमिंग के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता एवं पर्सनल केयर से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सौंदर्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि संवासिनियों एवं बालिकाओं में स्वच्छता, आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करना भी था।

 

सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि नारी निकेतन में निवासरत प्रत्येक महिला को सम्मान, अपनत्व और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ग्रूमिंग केवल बाहरी रूप-रंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और मानसिक प्रसन्नता से भी जुड़ी है।

 

कार्यक्रम में IBI International के निदेशक कृष्णा रावत तथा प्रशिक्षक काजल रंसवाल, सूरज कटारिया और सानिया चौहान सहित पूरी टीम ने स्वैच्छिक सहयोग प्रदान किया। प्राधिकरण ने टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं की सहभागिता से ही संवेदनशील, समावेशी एवं गरिमापूर्ण समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *