भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का विधायक लखपत सिंह बुटोला ने किया स्थलीय निरीक्षण

 

चमोली। ब्रह्मसैण क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते घिंघराण समेत घाटी के कई गांवों का जनसंपर्क प्रभावित है। सोमवार को बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

 

निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी प्रगति और गुणवत्ता को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त श्रमिक और ठेकेदार लगाकर सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर कराया जाए, ताकि बाधित संपर्क मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु किया जा सके।

 

पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

 

विधायक ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में पानी की समुचित निकासी नहीं होने पर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी को व्यवस्थित तरीके से चैनलाइज कर नालियों के माध्यम से गदेरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि पानी के अनियंत्रित बहाव को रोकना जरूरी है, ताकि भविष्य में भूस्खलन की स्थिति और गंभीर न हो।

 

उन्होंने कहा कि सड़क बहाली के कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। प्रभावित मार्ग को शीघ्र बहाल करने के साथ ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। विधायक ने विभागीय और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

 

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, उप जिलाधिकारी चमोली, नगर पालिका की टीम, स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *