थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ बाजार में शनिवार को भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत का भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने ढोल-नगाड़ों व फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे बाजार में जयकारों के बीच माहौल पूरी तरह भगवामय नजर आया।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री पद संभालने के बाद पहली बार थत्यूड़ पहुंचे मुलायम सिंह रावत का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत जुलूस में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह फूल बरसाए गए और कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर अपने नेता का अभिनंदन किया।
इस मौके पर मुलायम सिंह रावत ने कहा कि मैं भाजपा प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताते हुए युवा मोर्चा महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण के साथ युवाओं के हित में ठोस कदम उठा रही है। रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही सरकारी सेवाओं में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है ताकि मेहनती युवाओं को न्याय मिल सके।
