प्रतापनगर के पुजार गांव में भूस्खलन से कई मकान खतरे में, प्रभावित परिवारों के विस्थापन की मांग

 

नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र में हाल की अतिवृष्टि के बाद पट्टी भदूरा के पुजार गांव में भूस्खलन से कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं। लंबगांव-कोटालगांव-चमियाला सड़क से कोटेश्वर महादेव मंदिर और पुजार गांव को जोड़ने वाले मार्ग पर भारी भू-स्खलन होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

 

जिला पंचायत सदस्य रविंद्र डिमरी और ग्राम प्रधान दिनेश जोशी ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का तत्काल सर्वे कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करने तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण सड़क के नीचे की जमीन खिसकने से वासुदेव सेमवाल, नागेंद्र नौटियाल, शालीराम नौटियाल, कैलाश नौटियाल, रमेश जोशी, दिनेश जोशी, आसाराम सेमवाल और भगवती सेमवाल सहित कई ग्रामीणों के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। विशेष रूप से वासुदेव सेमवाल का दो मंजिला मकान बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है और उसमें रहना जोखिम भरा हो गया है।

 

रविंद्र डिमरी ने बताया कि वर्ष 2023-24 में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद आसपास के कई मकानों पर खतरा उत्पन्न हो गया था। विभाग ने कुछ प्रभावित भवनों के लिए क्षतिपूर्ति का भुगतान किया, लेकिन वासुदेव सेमवाल को अब तक किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली है।

 

उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर वासुदेव सेमवाल के भवन का आवश्यकतानुसार अधिग्रहण कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने तथा प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

जिला पंचायत सदस्य का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार लोक निर्माण विभाग को पत्र और मौखिक रूप से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से बरसात के मौसम को देखते हुए प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *