प्रशासन के समन्वय से मंगलवार को मिली हेली एम्बुलेंस की सुविधा, गंभीर हालत में उच्च उपचार के लिए भेजा गया घायल
उत्तरकाशी। विकासखंड पुरोला के स्वील गांव निवासी 52 वर्षीय ज्ञानेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय किशन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मंगलवार को प्रशासन के समन्वय से हेली एम्बुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्ञानेंद्र सिंह सोमवार देर रात 2 नवंबर को स्वील गांव के रास्ते में अचानक गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी।
इसके बाद मंगलवार को प्रशासन के समन्वय से हेली एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई। हेली एम्बुलेंस के माध्यम से घायल ज्ञानेंद्र सिंह को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।
वहीं, स्थानीय लोगों ने समय पर हेली एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन का आभार जताया और घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
