देहरादून में विशेष स्वच्छता अभियान, डीएम और सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण ने संभाली कमान

 

100 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, डीएम बोले- स्वच्छ और सुंदर शहर के लिए जनसहभागिता जरूरी

 

देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को लक्ष्मण चौक एवं कांवली रोड क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्वयं प्रतिभाग कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, नगर निगम, वेस्ट वॉरियर्स संस्था सहित विभिन्न संगठनों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। 100 से अधिक लोगों ने अभियान में हिस्सा लेकर सफाई अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

 

नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण पर जोर

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान चिन्हित स्थानों पर सफाई के साथ-साथ कूड़ा उठान और उसके वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल अभियान चलाकर सफाई करना पर्याप्त नहीं है। चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निगरानी और निरंतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।

 

उन्होंने अधिकारियों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाने और स्थानीय नागरिकों को भी इन अभियानों से जोड़ने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए विभागों और सामाजिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

 

जनसहभागिता के बिना स्वच्छ शहर का लक्ष्य मुश्किल’

 

डीएम ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आमजन की सक्रिय सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी और प्रभावी बनाया जा सकता है।

 

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलेगा जागरूकता अभियान

 

जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के साथ ही इसके उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए संबंधित विभागों और संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

 

सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण ने भी किया प्रतिभाग

 

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी ने भी स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन और नैतिक दायित्व का हिस्सा बनाकर ही घर, मोहल्ले, शहर और राज्य को स्वच्छ रखा जा सकता है।

 

अभियान के दौरान विभिन्न विभागों और संस्थाओं ने अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए सफाई कार्य किया और चिन्हित स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *