देहरादून। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश श्री हरीश कुमार गोयल के निर्देशानुसार रविवार को देहरादून में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज तथा आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस अभियान में लगभग 140 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर 140 यूनिट रक्त एकत्र कराया।
शिविर में स्थानीय नागरिकों के साथ एनसीसी के छात्र-छात्राओं, सेना की मद्रास इंजीनियर यूनिट के करीब 70 जवानों तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए शिविर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की सचिव श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने रक्तदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उन्हें भविष्य में भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
सचिव श्रीमती डुँगराकोटी ने कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवनदान के समान है और इस प्रकार के अभियानों के माध्यम से उपलब्ध रक्त से अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी लोगों से अवसर मिलने पर रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने भविष्य में भी समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज और आईएमए ब्लड बैंक के सहयोग से समय-समय पर इसी प्रकार के रक्तदान अभियान आयोजित किए जाने पर जोर दिया। बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा पूर्व में भी आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के सहयोग से रक्तदान अभियान आयोजित किए जा चुके हैं।
शिविर के दौरान सचिव श्रीमती सीमा डुँगराकोटी एवं पराविधिक कार्यकर्ता श्री हरीश रांसवाल ने उपस्थित लोगों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, 12 सितंबर 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए। इसके साथ ही लोगों के साथ नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी चर्चा की गई।
रक्तदान शिविर की मुख्य संयोजक बीके सुशील भाई एवं इंचार्ज मंजू दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा आयोजित यह प्रयास राजयोगिनी बीके दादी प्रकाशमणि को श्रद्धासुमन अर्पित करने का एक माध्यम है।
शिविर को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पराविधिक कार्यकर्ता अंजना रंसवाल एवं मंजू रावत ने भी विशेष योगदान दिया। ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक कार्यों में सहयोग जारी रखने की बात कही गई।
