डोईवाला में AAP ने फूंका मिशन 2027 का बिगुल, ‘आपके घर आपके द्वार’ अभियान से गणेश कुड़ियाल ने शुरू की चुनावी तैयारी

 

 

देहरादून/डोईवाला। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज करनी शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी ने भी डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में अपना अभियान तेज कर दिया है। परवादून जिला अध्यक्ष एवं डोईवाला विधानसभा से दावेदार गणेश कुड़ियाल ने ‘आपके घर आपके द्वार’ और ‘घर-घर जोड़ो’ अभियान की शुरुआत की है।

 

अभियान के तहत गणेश कुड़ियाल और आप कार्यकर्ता डोईवाला विधानसभा के गांवों, मोहल्लों और गली-गली पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। इस दौरान क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को पंपलेट के माध्यम से जनता के सामने रखा जा रहा ह‘समस्या नहीं समाधान चाहिए’, ‘नेता नहीं बेटा चुनो’ और ‘JOIN AAP, BE THE CHANGE’ जैसे नारों के साथ शुरू किए गए इस अभियान को पार्टी की मिशन 2027 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

25 साल में भी नहीं बदली डोईवाला की तस्वीर: कुड़ियाल

गणेश कुड़ियाल ने कहा कि डोईवाला की जनता ने पिछले 25 वर्षों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को मौका दिया, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं आज भी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल वादे नहीं, बल्कि जमीन पर काम और समस्याओं का स्थायी समाधान चाहती है।

 

उन्होंने पेयजल और सिंचाई संकट को क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं में शामिल करते हुए कहा कि कई गांवों में आज भी पानी की किल्लत है। कई हैंडपंप सूखे पड़े हैं और नहरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार बने बड़े मुद्दे

 

कुड़ियाल ने डोईवाला, भानियावाला, रानीपोखरी, बालावाला, नकरौंदा, हर्रावाला और बुल्लावाला सहित विभिन्न क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई ग्रामीण संपर्क मार्गों पर गड्ढे हैं और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है।

 

स्वास्थ्य सेवाओं पर उन्होंने कहा कि डोईवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाओं की कमी है। इसके कारण मरीजों को बेहतर इलाज के लिए देहरादून जाना पड़ता है।

 

युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के साथ-साथ नशा भी क्षेत्र के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार देने के वादे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं को पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

 

वन्यजीवों के आतंक से ग्रामीण परेशान

 

रानीपोखरी, थानों, दूधली, बुल्लावाला और मिस्सरवाला क्षेत्र में हाथी और गुलदार की समस्या को भी उन्होंने प्रमुख मुद्दा बताया। उनका कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है और इसके स्थायी समाधान की जरूरत है।

 

इसके साथ ही सरकारी एवं वन भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध प्लाटिंग, नदियों के किनारे क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत, भानियावाला रेलवे फाटक पर लगने वाला जाम, ओवरब्रिज की मांग और हजारों परिवारों को भूमि का मालिकाना हक न मिलने जैसे मुद्दे भी अभियान में उठाए जा रहे हैं।

‘विधायक बनना मकसद नहीं, हर परिवार का बेटा बनना है’

 

गणेश कुड़ियाल ने कहा, “डोईवाला की जनता अब बदलाव चाहती है। लोग झूठे वादों से थक चुके हैं। हम समस्या गिनाने नहीं, समाधान देने आए हैं। मेरा मकसद विधायक बनना नहीं, डोईवाला के हर परिवार का बेटा बनकर उनकी लड़ाई लड़ना है।”

 

उन्होंने कहा कि यदि जनता ने आम आदमी पार्टी को मौका दिया तो दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर उत्तराखंड में भी ईमानदार राजनीति की शुरुआत डोईवाला से करने का प्रयास किया जाएगा।

 

कुड़ियाल ने कहा, “यह पंपलेट नहीं, डोईवाला का दर्द है।” उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस दर्द को लेकर विधानसभा क्षेत्र के हर घर तक पहुंचेंगे और बड़ी संख्या में लोगों को आम आदमी पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *