जनता मिलन कार्यक्रम में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बांधा रक्षा सूत्र, CM ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

रक्षाबंधन पर बहनों को CM धामी का तोहफा, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं ने मुलाकात की। महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व पर बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 28 और 29 अगस्त 2026 को दो दिनों तक परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है।

 

महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त करने पर जोर

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों के प्रति भी जागरूक और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति की भूमिका उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण है। सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ योजनाएं संचालित कर रही है और उनका लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। राज्य सरकार भी प्रदेश की बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *