चंपावत जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण चंपावत जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण, आपातकालीन मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

 

चंपावत। जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी कर्मभूमि है। ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक अब स्थानीय स्तर पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। चंपावत जिले में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।

20 करोड़ की लागत से बना 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी स्थापित की जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में लगभग 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग तथा प्रथम और द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग एवं ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य भी जारी है।

पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

जिले में विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण एवं चौड़ीकरण के साथ जाम की समस्या के समाधान के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। मां पूर्णागिरि धाम, रीठा साहिब और पर्यटन आवास गृह में भी पार्किंग सुविधाओं का विकास किया गया है।

66 करोड़ से सिटी ड्रेनेज, 240 करोड़ से पेयजल व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिले में मजबूत आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जबकि भूमिगत विद्युत लाइनों का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इसके साथ ही 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से जिले की पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी चंपावत के विकास के लिए अहम बताया गया।

स्थानीय स्तर पर रक्त घटक उपलब्ध होने से कम होगी निर्भरता

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। जिला चिकित्सालय चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और रक्त घटकों के लिए अन्य जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, विकास और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जिले के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश चन्द्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष चंपावत आनन्द सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, नगर पालिका परिषद चंपावत अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, नगर पालिका परिषद लोहाघाट अध्यक्ष गोविन्द वर्मा, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मनोज कालाकोटी, मुकेश महराना, हेमा जोशी, किरन देवी, ब्लॉक प्रमुख चंपावत अंचला बोहरा, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *