उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़ गाड़ के पास क्षतिग्रस्त सड़क यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। भटवाड़ी-चढ़ेथी से आगे सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन घंटों लंबा जाम लग रहा है। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए इस मार्ग की सीमा सड़क संगठन (BRO) की ओर से अब तक मरम्मत नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

घंटों जाम में फंस रहे चारधाम यात्री
सड़क की खराब स्थिति के चलते गंगोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को घंटों जाम में इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों को भी रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। जाम के कारण लोग समय पर बाजार, कार्यस्थल और अपने घरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। लगातार प्रभावित हो रहे यातायात से क्षेत्र का आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
वाहन स्वामियों को उठाना पड़ रहा आर्थिक नुकसान
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वर्षों की मेहनत और अपनी जमा पूंजी लगाकर लोग वाहन खरीदते हैं, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति और आए दिन लगने वाले जाम के कारण वाहनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे वाहन स्वामियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि सड़क की समय पर मरम्मत की जाती तो यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी इस परेशानी से राहत मिल सकती थी।

चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं पर भारी पड़ रही बदहाल सड़कें
गौरतलब है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली। यात्रा के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के प्रयास किए गए, लेकिन गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह चल रहे चौड़ीकरण कार्य और क्षतिग्रस्त सड़कें यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बनी रहीं। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शीतकालीन यात्रा से पहले स्थायी समाधान की मांग
अब जबकि शीतकालीन यात्रा की तैयारियां भी शुरू होने वाली हैं, ऐसे में पापड़ गाड़ के पास क्षतिग्रस्त सड़क का स्थायी समाधान करना जरूरी हो गया है। स्थानीय लोगों ने बीआरओ और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा यातायात सुचारु करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सामरिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण इस राष्ट्रीय राजमार्ग की अनदेखी यात्रियों और क्षेत्रवासियों पर भारी पड़ रही है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या का समाधान कब तक करते हैं और लोगों को आए दिन लगने वाले जाम से कब राहत मिलती है।
