कांसरो रेंज में चला स्वच्छता अभियान, जंगल को कूड़ा मुक्त करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने की पहल

 

डोईवाला। कांसरो रेंज के जंगल से सटे झबरावाला और बुल्लावाला ग्रामीण क्षेत्रों में वन विभाग की टीम ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व वन क्षेत्राधिकारी कांसरो रेंज शीतल सिंह ने किया।

 

अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल के किनारे तथा अंदर फैले प्लास्टिक, घरेलू कचरे और अन्य अपशिष्ट को एकत्रित किया। जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से कचरे को हटाकर उचित स्थान पर निस्तारित किया गया।

 

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि जंगल के आसपास कूड़ा फेंकने से वन्यजीव भोजन की तलाश में आबादी क्षेत्र की ओर आकर्षित होते हैं। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। विशेष रूप से हाथी समेत अन्य वन्यजीव कचरे में मौजूद खाद्य सामग्री की तलाश में गांवों का रुख कर सकते हैं। ऐसे में जंगल और उसके आसपास के क्षेत्र को कूड़ा मुक्त रखना बेहद जरूरी है।

 

अभियान के बाद वन कर्मियों और ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। सभी ने जंगल को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प लिया।

 

वन क्षेत्राधिकारी शीतल सिंह ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य जंगल को कूड़ा मुक्त करने के साथ-साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना है। झबरावाला और बुल्लावाला क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया है। उन्होंने लोगों से जंगल के किनारे कचरा न फेंकने, प्लास्टिक का बहिष्कार करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।

 

अभियान में कांसरो रेंज का समस्त स्टाफ, वन दरोगा, वन रक्षक, फायर वाचर सहित बड़ी संख्या में झबरावाला और बुल्लावाला के ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने वन विभाग की पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और जंगल को स्वच्छ रखने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *