कांवड़ यात्रा-2026: शंकराचार्य चौक पर SDRF का निःशुल्क चिकित्सा शिविर, श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध

 

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से SDRF उत्तराखण्ड ने हरिद्वार स्थित शंकराचार्य चौक पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर में यात्रा के दौरान अस्वस्थ अथवा थकान महसूस कर रहे कांवड़ियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया।

 

सेनानायक SDRF उत्तराखण्ड श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में SDRF की टीमें हरिद्वार के विभिन्न संवेदनशील घाटों एवं ड्यूटी प्वाइंट्स पर 24 घंटे तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपातकालीन रेस्क्यू कार्यों में जुटी हैं। इसके साथ ही चिकित्सा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

SDRF के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान अब तक विभिन्न घाटों पर डूबने अथवा बहने जैसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 30 कांवड़ियों की सकुशल जान बचाई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त बेहोश, घायल एवं अस्वस्थ श्रद्धालुओं को स्ट्रेचर के माध्यम से स्वास्थ्य शिविरों तक पहुंचाने, लापता व्यक्तियों को उनके परिजनों से मिलाने तथा अन्य आवश्यक मानवीय सहायता भी लगातार प्रदान की जा रही है।

 

चिकित्सा शिविर के दौरान सहायक सेनानायक सुशील रावत, निरीक्षक कविन्द्र सजवाण, सब इंस्पेक्टर आशीष त्यागी, सुरेंद्र सिंह, फार्मासिस्ट नरेंद्र पंवार सहित SDRF के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे और श्रद्धालुओं की सेवा में योगदान दिया।

 

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य एवं सुविधा का ध्यान रखना भी SDRF की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात टीमें किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रेस्क्यू एवं सहायता के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *