उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को उत्तरकाशी में सेवा संकल्प अभियान के तहत भव्य सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित सेवा ज्योति सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप विकसित भारत-2047 के निर्माण और उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित सभा में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा काल पर आधारित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।
प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप आगे बढ़ रहा उत्तराखंड: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऐतिहासिक रामलीला मैदान उत्तरकाशी की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। इसी भूमि से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार प्रदेश को विकास के प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सरकार का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य गरीबों, जरूरतमंदों और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
प्रदेश में रोजगार, पर्यटन और उद्योगों को मिल रही गति
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुने से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक का इजाफा हुआ है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल व्यवसाय में 25 प्रतिशत और होमस्टे की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उत्तराखंड को एसडीजी इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान मिलने और लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली अवार्ड प्राप्त होने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों के विस्तार से पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उत्तरकाशी में 200 करोड़ रुपये से अधिक की 50 योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी जनपद में विकास कार्यों को गति देने के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें से 26 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 24 योजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि जनपद में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी।
विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में श्री विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के निर्माण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार और धार्मिक स्थलों का विकास आवश्यक है। कॉरिडोर से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र की धार्मिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की संभावनाओं का परीक्षण कराने की बात कही। इसके साथ ही भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग पर भारत सरकार के स्तर से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड़ बुग्याल को पर्यटन मानचित्र पर लाने तथा इनके सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने धौंतरी स्वास्थ्य केंद्र का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर किए जाने की भी घोषणा की।
रामलीला मैदान से विश्वनाथ-शक्ति मंदिर तक निकली सेवा ज्योति यात्रा
सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ ऐतिहासिक रामलीला मैदान से हुआ। यात्रा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्रभाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक सुरेश चौहान, दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, केदार सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
