उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में जिला कांग्रेस कमेटी ने जनपद की तहसीलों एवं उप-तहसीलों में व्याप्त प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए नाराजगी जताई।
ज्ञापन में कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि अधिकांश तहसीलों और उप-तहसीलों में एसडीएम और तहसीलदार नियमित रूप से कार्यालयों में उपस्थित नहीं रहते हैं, जिसके चलते आम जनता के राजस्व संबंधी कार्य लंबित पड़े हुए हैं। इस स्थिति से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने पटवारी चौकियों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि कई पटवारी चौकियां या तो बंद पड़ी हैं या जर्जर अवस्था में हैं। साथ ही पटवारी भी अपने कार्यस्थलों पर नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते, जिसके कारण दूरदराज से आने वाले ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
कांग्रेसजनों ने राज्य सरकार पर जनहित की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की है कि सभी तहसीलों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, पटवारी चौकियों को पुनः सक्रिय किया जाए और जर्जर भवनों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए।
साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी तहसील परिसरों और पटवारी चौकियों में तालाबंदी के साथ व्यापक धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
