अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस पर महिलाओं को किया जागरूक

 

रुद्रप्रयाग। अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से होटल रुद्राक्ष में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल और मानसिक संतुलन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी शैली प्रजापति ने कहा कि माहवारी को लेकर समाज में फैली झिझक और भ्रांतियों को दूर करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और इसके प्रति जागरूकता महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।

स्वास्थ्य विभाग से पहुंचीं डॉ. साक्षी ने महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि नियमित अंतराल में सेनेटरी पैड बदलना चाहिए और संक्रमण से बचने के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को पर्याप्त पानी पीने और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह भी दी।

डॉ. रुचिका ने किशोरियों में होने वाले शारीरिक एवं हार्मोनल बदलावों की जानकारी देते हुए कहा कि परिवार का सहयोग इस समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने अभिभावकों से बालिकाओं के खानपान, स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम में काउंसलर जयदीप ने माहवारी के दौरान मानसिक तनाव और मूड स्विंग जैसी समस्याओं पर चर्चा करते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया।

इस दौरान बाल विकास परियोजना अगस्त्यमुनि की सुपरवाइजर रागनी जोशी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की और महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों एवं विभागीय कर्मचारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *