नई टिहरी। नगर पंचायत चमियाला के अंतर्गत अजय भट्ट सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बेलेश्वर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर में छात्र-छात्राओं ने सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। ग्राम श्रीकोट में चल रहे इस शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने न केवल श्रमदान कर सार्वजनिक स्थानों की सफाई और सुधारीकरण का कार्य किया, बल्कि अपने कार्यों से स्थानीय ग्रामीणों को भी स्वच्छता और समाज सेवा के प्रति जागरूक किया।
अधिकारी संजय बगियाल के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए विद्या भारती के शैक्षणिक मूल्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्या भारती से संबद्ध विद्यालय छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें संस्कारवान बनाने, उनके चरित्र निर्माण और देश प्रेम की भावना भरने का महत्वपूर्ण कार्य भी कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रकार के शिविर छात्रों को किताबी दुनिया से बाहर निकालकर जीवन की वास्तविक चुनौतियों और सामाजिक सरोकारों से रूबरू होने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है।
मुख्य वक्ता के रूप में शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य पिचपन सिंह मिश्रवाण ने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। वहीं, मनोज शाह और भास्कर नेगी ने वर्तमान समय की गंभीर समस्याओं सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर छात्रों को जागरूक किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। इसके अतिरिक्त, वन क्षेत्राधिकारी भगवती जोशी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाते हुए वनों को आग से बचाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।
