डोईवाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर ऋषिकेश रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित कर सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रवादी मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आरएसएस के सह विभाग कार्यवाह मनोज ने कहा कि संगठित हिंदू समाज ही मजबूत और सुरक्षित भारत की नींव रख सकता है। उन्होंने युवाओं से सेवा, संस्कार और संगठन के भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
महिला मुख्य वक्ता प्रो. ममता कुंवर ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन संस्कृति में नारी को शक्ति और संस्कार का आधार माना गया है। उन्होंने महिलाओं से सांस्कृतिक संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और पारिवारिक मूल्यों को सशक्त करने की अपील की।

धर्माचार्य राधेश्याम नौटियाल ने सनातन परंपराओं के संरक्षण और धार्मिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि धर्म समाज को मर्यादा, अनुशासन और सद्भाव का मार्ग दिखाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता राजवीर खत्री ने की। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी संगठनों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ममता नयाल, माजरी मंडल अध्यक्ष रश्मि देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
