उत्तरकाशी में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी तेज, ॐ छात्र संगठन के चार प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

उत्तरकाशी। छात्रसंघ चुनाव को लेकर उत्तरकाशी में छात्र राजनीति की सरगर्मी तेज होने लगी है। गुरुवार को ॐ छात्र संगठन की ओर से विभिन्न पदों के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान संगठन से जुड़े छात्र-छात्राओं और समर्थकों की मौजूदगी से परिसर में चुनावी माहौल नजर आया।

ॐ छात्र संगठन ने अध्यक्ष पद पर अमित शाह, कोषाध्यक्ष पद पर वर्षा रावत, सहसचिव पद पर श्रुति पंवार और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर आयुष पंवार को प्रत्याशी बनाया है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

SJVN

विज्ञापन

कोषाध्यक्ष पद पर वर्षा रावत निर्विरोध निर्वाचित

नामांकन प्रक्रिया के साथ ही कोषाध्यक्ष पद का परिणाम भी सामने आ गया। इस पद पर वर्षा रावत के सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। इसके चलते उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया

संगठन की ओर से इसे छात्र-छात्राओं के समर्थन का परिणाम बताया गया है।

तीन पदों पर चुनावी मुकाबला

अध्यक्ष, सहसचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर सामने आने लगी है। इन पदों के प्रत्याशी छात्र-छात्राओं के बीच संपर्क बढ़ाने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में छात्र संगठनों की सक्रियता और चुनावी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

ॐ छात्र संगठन ने नामांकन प्रक्रिया में सहयोग और सहभागिता के लिए छात्र-छात्राओं एवं समर्थकों का आभार जताया। संगठन ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी होनी चाहिए।

नामांकन के दौरान संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *