उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन योजनाओं का अद्यतन अंतिम चरण में, सचिव ने दिए दिशा-निर्देश

देहरादून: उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राज्य और जनपद आपदा प्रबंधन योजनाओं (SDMP एवं DDMP) को अद्यतन करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुँच गई है। इस संबंध में मंगलवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास  विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के अद्यतन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सचिव ने बताया कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, बदलते जलवायु परिदृश्य, नई तकनीकों के समावेशन तथा पूर्व में घटित आपदाओं से प्राप्त अनुभवों को ध्यान में रखते हुए SDMP एवं DDMP को समय-समय पर अपडेट करना अत्यंत आवश्यक है।

अद्यतन योजनाओं में विशेष सुधार

  • जोखिम मूल्यांकन और संसाधन मैपिंग को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

  • त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र और प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है।

  • सामुदायिक सहभागिता और विभागीय समन्वय पर विशेष जोर।

  • फील्ड स्तर पर योजनाओं को अधिक व्यावहारिक और क्रियान्वयन योग्य बनाने का प्रयास।

सचिव ने सभी संबंधित विभागों और जनपद प्रशासन को निर्देश दिए कि वे योजनाओं के अद्यतन में सक्रिय सहयोग करें और स्थानीय स्तर की चुनौतियों व आवश्यकताओं को समुचित रूप से शामिल करें।

बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजीराजकुमार नेगी, वित्त नियंत्रक  अभिषेक कुमार आनंद, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी  ओबैदुल्लाह अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि अद्यतन SDMP और DDMP के माध्यम से आपदा के समय त्वरित, समन्वित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी, जिससे नागरिकों की सुरक्षा और नुकसान को न्यूनतम करने में सहयोग मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *