पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आदर्शों को काम में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि: अजय कुमार सिंह

देहरादून। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने पंडित पंत के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस मौके पर प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल रहा है। अल्मोड़ा के खूंट गांव से निकलकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाई और आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा देश के गृह मंत्री के रूप में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि पंत जी को केवल जयंती के दिन याद करना पर्याप्त नहीं है। उनके आदर्शों को अपने काम और व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने यूजेवीएन के अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड उत्तराखंड की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ प्रदेश के विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मौजूदा परियोजनाओं से अधिकतम बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के लिए टीम भावना से काम करने को कहा।

कार्यक्रम में निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, अधिशासी निदेशक वित्त सुधाकर बडोनी, अधिशासी निदेशक मानव संसाधन आशीष जैन समेत यूजेवीएन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *