देहरादून। UJVN Limited ने ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने का निर्णय लिया है। यह पहल प्रधानमंत्री Narendra Modi के ऊर्जा बचत संबंधी आह्वान और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के हरित विकास विजन के अनुरूप की जा रही है।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक Ajay Kumar Singh ने बताया कि निगम के सभी कार्यालयों में सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाया जाएगा। मुख्यालय में यह दिवस शनिवार को रखा गया है, जबकि क्षेत्रीय इकाइयों में स्थानीय सुविधा के अनुसार दिन तय किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऊर्जा खपत कम करने के लिए कार्यालयों में एयर कंडीशनर का उपयोग केवल आवश्यकता पड़ने पर ही किया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को साइकिल तथा सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

निगम की कैंटीनों में खाद्य पदार्थों के निर्माण में तेल के उपयोग को कम करने, वर्चुअल मीटिंग को प्राथमिकता देने, अनावश्यक सरकारी खर्चों में कटौती और विदेश यात्राओं को सीमित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
एमडी अजय कुमार सिंह ने बताया कि निगम द्वारा मुख्यालय उज्ज्वल एवं यमुना कॉलोनी स्थित गंगा भवन में 238 किलोवाट क्षमता के रूफ-टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र और सोलर-ट्री स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा Dakpathar, Dhakrani, Rishikesh और Haridwar स्थित निगम कार्यालयों में भी 91 किलोवाट क्षमता के रूफ-टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हैं। मुख्यालय परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सतत विकास के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
