Your Website Description

उत्तरकाशी में धूमधाम से मनाया गया उत्तराखंड का 26वां स्थापना दिवस, आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान

लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विकास पुस्तिका-2026 का विमोचन; 10 से 13 नवंबर तक रामलीला मैदान में होंगे राज्योत्सव के कार्यक्रम

उत्तरकाशी। उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में राज्योत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में राज्य निर्माण आंदोलन के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया गया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया। वहीं, स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गोस्वामी गणेश दत्त विद्यालय के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिले में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को दर्शाती विकास पुस्तिका-2026 का विमोचन भी किया गया।

राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष को किया नमन

समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण में योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारी सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

रामलीला मैदान में चार दिन तक होंगे कार्यक्रम

जिला प्रशासन की ओर से राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 10 से 13 नवंबर तक रामलीला मैदान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति, विकास उपलब्धियों और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

समारोह में प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, ज्ञानचंद, विजयबहादुर, विजेंद्र पोखरियाल, विष्णुपाल रावत, बालगोविंद, हेमराज निझोन, शांति ठाकुर, नागेंद्र थपलियाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, डीडीओ वेद प्रकाश, सीएओ एसएस वर्मा, डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूड़ा, सहायक समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *