टिहरी। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु टिहरी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले के 9 विकासखंडों में ग्राम पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जिला पंचायत सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने चंबा स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बनाए गए नामांकन केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री काउंटर, प्राप्ति काउंटर, एआरओ एवं संबद्ध कार्मिकों की तैनाती, नो ड्यूज प्रमाणपत्र वितरण काउंटर, मतदाता सूची वितरण, मतदान दलों की रवानगी और वापसी स्थल, स्ट्रांग रूम, डिस्पैच स्थल और मतगणना केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

खाद्य, जल व शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश
डीएम नितिका खंडेलवाल ने बीडीओ चंबा शाकिर हुसैन को निर्देश दिए कि नामांकन केंद्र में आने वाले प्रत्याशियों और नागरिकों को खाद्य, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि संपूर्ण प्रक्रिया समयबद्ध, व्यवस्थित और पारदर्शी रूप से संचालित हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में कोई लापरवाही न हो और पूरी प्रक्रिया में मतदाताओं और प्रत्याशियों को सहज और सुरक्षित अनुभव प्रदान किया जाए, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
