सीएम पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्रियों और नेपाल के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेन्द्र थापा की रहेगी मौजूदगी; नेपाली और उत्तराखंडी संस्कृति की दिखेगी झलक
देहरादून। वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेला 2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी एवं प्रदीप बत्रा तथा नेपाल के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेन्द्र थापा प्रमुख रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली और महापौर सौरभ थपलियाल की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।

उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष कमल थापा एवं अन्य पदाधिकारियों ने महोत्सव की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समिति इस वर्ष दसवीं बार गोरखा दशैं-दीपावली मेले का आयोजन कर रही है। महोत्सव का उद्देश्य आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के साथ गोरखा समुदाय की पारंपरिक संस्कृति, कला और विरासत का संरक्षण करना है।
नेपाली और उत्तराखंडी संस्कृति का दिखेगा संगम
महोत्सव में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ नेपाल के प्रसिद्ध लोकनृत्य एवं संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। मयूर नृत्य और आकाश थापा की प्रस्तुतियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
मेले में उत्तराखंड और नेपाल की पारंपरिक वेशभूषा, खान-पान एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां आने वाले लोग नेपाली सेल रोटी, गोरखाली चटनी, फिनी, चुकानी और गुंडरुक सहित उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।
विशिष्ट अतिथियों का होगा सम्मान
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव में पद्मश्री से सम्मानित कुछ विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है। समिति की ओर से चयनित अतिथियों को विशेष सम्मान प्रदान करने की योजना है।
आयोजकों ने कहा कि यह महोत्सव विभिन्न समुदायों के बीच सांस्कृतिक संवाद, सामाजिक एकता और पारस्परिक सहयोग को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। नेपाली और उत्तराखंडी लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की साझा सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में समिति के संरक्षक ई. मेग बहादुर थापा, मेजर बी.पी. थापा, मेजर अमर राई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग, उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देविन शाही, सह-सचिव आशु थापा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
