गौचर/चमोली। जनपद चमोली के विकासखंड देवाल के अन्तिम आबादी गांव वाण स्थित लाटू देवता मंदिर के कपाट आज बुद्ध पूर्णिमा / बैशाख पूर्णिमा के अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच 01 बजकर 30 मिनट पर खोल दिये गये। पहली पूजा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की ओर से की गई। इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, प्रमुख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दर्शन दानू भी मौजूद रहे।
शुक्रवार सुबह से ही वाण स्थित लाटू धाम मंदिर में विधिविधान से कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हुई। मंदिर के मुख्य पुजारी खीम सिंह बिष्ट ने यहां स्थित पवित्र कुंड में स्नान कर आंखों में पट्टी बांध कर मंदिर के गर्भ गृह में प्रवेश किया। वहीं पंडित रमेश कुनियाल व उमेश कुनियाल द्वार वेद मंत्रोंच्चार के साथ यज्ञ हवन कर मंदिर के कपाट खोले गये। श्रृद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके उपरांत देव नृत्य, सामुहिक देवगान देव पाश्वा ने यहां पहुंचे श्रद्धालुओं को जो का प्रसाद देकर आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर भक्तों द्वारा चाचड़ी, झोड़े, जागर लगाकर नन्दा देवी व लाटू देवता की स्तुति की। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता डॉ भगतसिंह नेगी, इन्द्र सिंह राणा, लाखन सिंह रावत, पत्रकार हेम मिश्रा, यशवंत सिंह बडियारी ने बताया कि लाटू देवता का मंदिर विकासखंड देवाल के अन्तिम आबादी वाले गांव वाण में स्थित है। लाटू देवता को मां राजराजेश्वरी भगवती का धर्म भाई कहा जाता है। यही से लाटू देवता हर वर्ष होने वाली लोकजात की अगुवाई करता है। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी सर्वश कुमार दूबे, प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, नन्दी कुनियाल, हीरा सिंह पहाड़ी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी सूचना गोपाल सिंह राणा आदि मौजूद रहे।
