नई टिहरी। ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी सार्वजनिक उपक्रम टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने अपनी वित्तीय यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की वित्तीय मजबूती और निरंतर विकास को मान्यता देते हुए देश की तीन प्रतिष्ठित रेटिंग एजेंसियों मेसर्स आईसीआरए लिमिटेड, मेसर्स केयर लिमिटेड और मेसर्स इंडिया रेटिंग ने टीएचडीसी की क्रेडिट रेटिंग को अपग्रेड कर दिया है। इन एजेंसियों ने कंपनी की लंबी अवधि की क्रेडिट रेटिंग को ‘स्थिर’ आउटलुक के साथ ‘एए’ से बढ़ाकर ‘एए प्लस’ (AA+) कर दिया है। यह सुधार कंपनी के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जो बाजार में उसकी विश्वसनीयता को और प्रगाढ़ करेगा।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा निदेशक (वित्त) सिपन कुमार गर्ग ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि क्रेडिट रेटिंग में यह सुधार कंपनी की मजबूत वित्तीय प्रगति और अनुशासित रणनीतिक क्रियान्वयन का स्पष्ट प्रमाण है। गर्ग ने बताया कि यह बेहतर रेटिंग टीएचडीसीआईएल द्वारा परिचालन दक्षता, दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता और एक मजबूत पूंजी संरचना बनाए रखने पर दिए गए निरंतर जोर को दर्शाती है। रेटिंग एजेंसियों ने भी अपने आकलन में कंपनी की निरंतर राजस्व वृद्धि, बेहतर लाभप्रदता और मजबूत बैलेंस शीट को इस अपग्रेड का मुख्य आधार बताया है।
इस रेटिंग अपग्रेड के दूरगामी सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। इससे टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की पूंजी बाजारों तक पहुंच और अधिक सुगम होगी। साथ ही, उधार लेने की लागत में संभावित कमी आने और निवेशकों का विश्वास बढ़ने की भी प्रबल संभावना है। यह वित्तीय मजबूती भविष्य में विकास के नए अवसरों को तलाशने और रणनीतिक पहलों को आगे बढ़ाने में कंपनी की क्षमता को बढ़ाएगी। गौरतलब है कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड का वर्तमान में 3,657 मेगावाट का एक विविध परिचालन पोर्टफोलियो है, जिसमें जलविद्युत, पवन, सौर, थर्मल पावर और पंप स्टोरेज परियोजनाएं शामिल हैं।
कंपनी के पोर्टफोलियो में भारत का पहला वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज प्लांट भी शामिल है, जो तकनीकी नवाचार की दिशा में एक बड़ा कदम है। मजबूत परिसंपत्ति आधार, स्थिर नकदी प्रवाह और विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन के दम पर टीएचडीसीआईएल न केवल भारत की ऊर्जा सुरक्षा में अपनी भूमिका को मजबूत कर रहा है, बल्कि देश के ऊर्जा परिवर्तन (एनर्जी ट्रांजिशन) के लक्ष्य में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रबंधन का मानना है कि यह वित्तीय उन्नयन कंपनी को अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने और देश के ऊर्जा क्षेत्र में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।
