टेंपो ट्रैवलर पलटने से 7 यात्री घायल

रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे पर रतूड़ा के पास एक टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया। जिससे सवारियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में 7 लोगों को हल्की चोटें आई। जिन्हें पुलिस ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। गनीमत रही कि टेंपो ट्रैवलर खाई की तरफ नहीं पलटा, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के मुताबिक, आज दोपहर करीब सवा 3 बजे रुद्रप्रयाग के रतूड़ा इंटर कॉलेज के पास एक टेंपो ट्रैवलर वाहन संख्या UK 11 P A 0152 सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रही कि वाहन सड़क ही पलट गया। अगर खाई की तरफ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।वहीं, टेंपो ट्रैवलर के हादसे की सूचना मिलते ही चौकी घोलतीर और कोतवाली रुद्रप्रयाग से पुलिस बल एवं फायर सर्विस रतूड़ा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची। जहां स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे सवारियों को बाहर निकाला गया।पुलिस की मानें तो टेंपो ट्रैवलर में 11 लोग सवार थे, जिनमें से 7 लोगों को हल्की चोटें आई है। यह वाहन देहरादून से थराली के लिए जा रहा था। तभी रतूड़ा इंटर कॉलेज के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त बारिश भी हो रही थी।वहीं, पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने घायलों को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भिजवाया। जहां पर उनकी महरम पट्टी आदि की गई। फिलहाल, घायलों की स्थिति सामान्य है। उधर, रुद्रप्रयाग कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयपाल नेगी ने खुद जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *