विद्या मंदिर ढालवाला में छात्रों को साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक

नई टिहरी।  एसएसपी श्वेता चौबे की पहल पर टिहरी पुलिस की ओर से स्कूलों में  लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ढालवाला में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया गया। अभी तक जिले के कई विद्यालयों में अभियान चलाया गया है। साइबर अपराध के अलावा छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी व नशा उन्मूलन व बाल अपराध आदि के बारे में भी जारूक किया जा रहा है।

शुक्रवार को साइबर क्राइम की ओर से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ढालवाला मुनिकीरेती में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।  कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्यों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, फेक लिंक, ओटीपी, केवाईसी धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट एवं बैंकिंग फ्रॉड आदि साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

साइबर टीम द्वारा उपस्थित लोगों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, किसी भी अनजान कॉल, लिंक अथवा मैसेज पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने हेतु जागरूक किया गया। पुलिस का कहना है कि पुलिस की ओर से अभी तक जिले के कई स्कूलों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को जागरूक किया गया है।

 

टिहरी पुलिस द्वारा जनपद के विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *