20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा में सख्त संदेश, कमजोर प्रदर्शन वाले ब्लॉकों पर बनेगी विशेष कार्ययोजना

 

नई टिहरी। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष **ज्योति प्रसाद गैरोला** ने बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद को 20 सूत्रीय कार्यक्रम की राज्य स्तरीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ लक्ष्य आधारित कार्य करें।

 

बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित निगरानी और तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने को कहा।

 

बैठक में बताया गया कि अब **20 सूत्रीय कार्यक्रम की ब्लॉक स्तर पर भी रैंकिंग** तैयार की जाएगी। इसके माध्यम से प्रत्येक विकासखंड के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। जिन ब्लॉकों की प्रगति संतोषजनक नहीं होगी, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

 

मुख्य विकास अधिकारी **वरुणा अग्रवाल** ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय आंकड़ों को नियमित रूप से अपडेट रखें और योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर की रैंकिंग से विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का बेहतर मूल्यांकन संभव होगा।

 

बैठक के दौरान साबली गांव की प्रधान **अनीता बहुगुणा** ने उपाध्यक्ष के समक्ष आपदा से क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग रखी, जिस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *