टिहरी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए टिहरी में इस बार राजनीतिक मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सोना सजवाण और पार्टी की ही बागी बनकर निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरी इशिता सजवाण के बीच सीधा संघर्ष होने जा रहा है। सोमवार को दोनों उम्मीदवारों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ जिला पंचायत सभागार में साधारण और शांतिपूर्ण तरीके से नामांकन दाखिल किया।
अखोड़ी सीट से जिला पंचायत सदस्य सोना सजवाण को भाजपा ने आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है, जबकि चंबा की कोट सीट से जिला पंचायत सदस्य इशिता सजवाण ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा। खास बात यह है कि इशिता पिछली बार कोट सीट से भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में जीती थीं, लेकिन इस बार पार्टी से अलग होकर चुनाव लड़ रही हैं। उन्हें कांग्रेस का समर्थन भी प्राप्त है, जिससे मुकाबले के राजनीतिक समीकरण और भी रोचक हो गए हैं।

वर्तमान में जिला पंचायत में कांग्रेस के 14, भाजपा के 13 और 18 निर्दलीय सदस्य हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद पर जीत-हार का फैसला इन सदस्यों के रुख पर निर्भर करेगा। उपाध्यक्ष पद पर भी दो नामांकन दाखिल हुए हैं-कांग्रेस से मान सिंह रौतेला और भाजपा से हुकम सिंह। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम अवधेश कुमार सिंह के अनुसार, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों के नामांकन पत्रों की जांच मंगलवार को की जाएगी।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम नितिका खंडेलवाल ने नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया। इस मौके पर इशिता सजवाण के साथ प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा, शांति प्रसाद भट्ट और विजयपाल रावत मौजूद थे। वहीं, सोना सजवाण के समर्थन में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी और घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह पहुंचे। दोनों पक्षों के समर्थकों की मौजूदगी से सभागार में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म रहा।
