उत्तराखंड में सेना भर्ती बढ़ाने की मांग, सतपाल महाराज ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर राज्य में रक्षा सेवाओं की भर्ती गतिविधियों को बढ़ाने का आग्रह किया।

 

रविवार को नई दिल्ली स्थित अकबर रोड पर रक्षा मंत्री के सरकारी आवास में हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड का सैन्य परंपराओं से गहरा संबंध रहा है और राज्य के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना से जुड़ा रहा है। ऐसे में प्रदेश के युवाओं को कोस्ट गार्ड, नौसेना, वायु सेना और थल सेना में अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

 

महाराज ने रक्षा मंत्री को बताया कि जब वे संसद की रक्षा मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष थे, तब उनके प्रयासों से उत्तराखंड में कई सेना भर्ती रैलियों का आयोजन किया गया था, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड पूर्ण साक्षरता की ओर अग्रसर राज्य है और यहां के युवाओं का शारीरिक सामर्थ्य तथा अनुशासन उन्हें रक्षा सेवाओं के लिए उपयुक्त बनाता है।

 

उन्होंने रक्षा मंत्री से आग्रह किया कि राज्य में नियमित रूप से अधिक भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें और देश की सुरक्षा में उनकी भागीदारी और अधिक बढ़ सके।

 

सतपाल महाराज ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार और रक्षा मंत्रालय उत्तराखंड के युवाओं की क्षमता को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रियाओं में राज्य को प्राथमिकता देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *