ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार गतिमान हैं। इन कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही शहर को विकास और आधुनिकता की नई पहचान दिलाना है। यह बात विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शनिवार को दून मार्ग पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कही।

विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश कोतवाली, उप जिला चिकित्सालय और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की बाउंड्री वॉल पर भित्तिचित्र निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि तीनों संस्थानों की कुल 185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर 93.14 लाख रुपये की लागत से आकर्षक भित्तिचित्र बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बाउंड्री वॉल पर बनने वाली कलाकृतियां शहर को सुंदर और आकर्षक स्वरूप प्रदान करेंगी। इससे देश-विदेश से ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और यात्रियों को भी शहर की एक सकारात्मक एवं सुंदर तस्वीर देखने को मिलेगी।
विधायक ने बताया कि ऋषिकेश में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण, सड़कों का सुदृढ़ीकरण, सीवरेज लाइन बिछाने, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और पेयजल लाइनों के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा कुंभ निधि से स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा। शहर के भीतर आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने की योजना पर भी शीघ्र काम शुरू किया जाएगा।

इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान, उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस आनंद राणा, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल, राजपाल ठाकुर, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, प्राधिकरण अभियंता सुनील उप्रेती, पूर्व पार्षद शिवकुमार गौतम, बृजेश शर्मा, इंद्र कुमार गोदवानी, निवेदिता सरकार, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट एवं नितिन सक्सेना, पार्षद रीना शर्मा, गोपाल सती, चेतन शर्मा, राम सिंह पवार और दुर्गा जिंदल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
