टिहरी। नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में उपराष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन बच्चों के बेहतर भविष्य और जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी विभाग इसे अपनी जिम्मेदारी समझकर कार्य करें।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी पोलियो बूथ सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहें तथा विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी पोलियो खुराक पिलाने का संकल्प लें। बाल विकास विभाग को आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो बूथों तक लाने को कहा गया। सूचना और पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया गया कि वे प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया और ग्राम प्रधानों के सहयोग से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अपने संपर्क नंबर संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के नामित सदस्य डॉ. अंकित गुप्ता ने वाइल्ड पोलियो वायरस से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पोलियो खुराक पिलाने वाले बूथों का कम से कम 50 प्रतिशत कवरेज होना आवश्यक है और टिहरी जनपद इस दिशा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।
