दून में यूकेपीएससी अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन
प्रदेश के कई जिलों से हजारों युवा पहुंचे दून
गत रात्री से ही गांधीपार्क में शुरू का दिया था धरना
देहरादून। भर्ती घोटालों को लेकर युवा सड़क पर उतर आए हैं। राजधानी देहरादून में हजारों की संख्या में बेरोजगारों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने युवाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जिसके कारण सैकड़ों बेरोजगार युवा घायल हो गए। पुलिस ने गुरूवार को दो बार लाठीचार्ज किया। पुलिस ने पहले घंटाघर फिर गांधी पार्क के सामने युवाओं पर लाठी चार्ज किया। पुलिस की लाठी से बचने के लिए युवाओं ने भागकर जान बचाई। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल लड़कियां भी घायल हो गई।
सूबे में भर्ती घोटालों को लेकर गुरुवार को देहरादून में हजारों की संख्या में बेरोजगार युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा। युवा लगातार हो रहे भर्ती घोटालों को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोशित हैं। प्रदर्शनकारी आगामी भर्ती परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग कर रहे हैं। आक्रोशित युवा राजपुर रोड से घंटाघर की ओर आने वाली सड़क पर जाम लगाकर धरने पर बैठ गए हैं। बीती रात भी बेरोजगार युवा गांधी पार्क के बाहर धरने पर बैठे थे। जिन्हें पुलिस ने देर रात बलपूर्वक उठा लिया था। जिसके बाद बेरोजगारों का गुस्सा और बढ़ गया । कल तक सैकड़ों युवा धरना दे रहे थे, लेकिन आज हजारों की संख्या में बेरोजगार युवा सड़कों पर उतर गए । प्रदर्शनकारियों की संख्या को देख पुलिसकर्मियों के भी हाथ पांव फूल गए । मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं, ताकि कोई अनहोनी न हो। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर नोकझोंक भी हो रही । युवाओं ने पुलिस व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिससे गुस्साए पुलिसकर्मियों ने पहले घंटाघर पर युवाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, उसके बाद पुलिस अधिकारी गांधी पार्क के सामने पहुंचे तो युवा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जिससे बाद पुलिस ने गांधी पार्क व राजपुर रोड पर बेरोजगार युवाओं पर जमकर लाठी भांजी।
भर्ती घोटाले की सीबीआई से जांच कराने की रखी मांग
देहरादून। बेरोजगार युवा भर्ती परीक्षाओं को फिलहाल नहीं कराने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक परीक्षाएं आयोजित नहीं करानी चाहिए। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हजारों की संख्या में गांधी पार्क के सामने पहुंचे प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं। फिलहाल देहरादून की सिटी मजिस्ट्रेट भी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंची । युवाओं का कहना है कि भर्ती घोटालों की जांच सीबीआई से कराई जाए। परीक्षाओं को घोटालों से बचाने के लिए मजबूत और निष्पक्ष निगरानी तंत्र बनाया जाए, ताकि भर्ती घोटालों की दोबारा पुनरावृत्ति न हो सके।
लाठीचार्ज शुरू होते ही युवाओं ने किया पुलिस पर पथराव

