रुद्रप्रयाग में जनकल्याणकारी शिविर, 19 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

 

रुद्रप्रयाग। नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के सभागार में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वनिधि महोत्सव में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिकों की 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

 

शिविर का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। अधिकारियों ने शेष मामलों को भी शीघ्र निपटाने का आश्वासन दिया।

 

कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले फड़ एवं फेरी व्यवसायियों तथा नगर पालिका कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना और बेहतर कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन करना रहा।

 

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिसमें नागरिकों और कर्मचारियों ने लाभ प्राप्त किया। साथ ही विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।

 

अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित यह शिविर जनता और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक हिमांशु बहुगुणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *