नई टिहरी: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद स्तर पर विभिन्न नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
जारी आदेश के अनुसार, शिवम त्रिपाठी को ईसीआईनेट और बीएलओ नेट से संबंधित तकनीकी कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डी.के. शर्मा को पुनरीक्षण से जुड़े प्रपत्रों की छपाई एवं वितरण तथा आवश्यक सामग्री की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है।
मीडिया समन्वय के लिए के.एल. टम्टा को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि मो. असलम को राजनीतिक दलों से समन्वय एवं बैठकों के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।
कंट्रोल रूम संचालन हेतु गणेश भट्ट को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो शिकायतों और सूचनाओं के आदान-प्रदान की निगरानी करेंगे। परिवहन व्यवस्था के लिए राजेन्द्र विराटिया को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अतिरिक्त, साक्षी शर्मा को सांख्यिकीय आंकड़ों के संकलन का कार्य सौंपा गया है, जबकि दूरसंचार सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए बलवंत सिंह को निर्देशित किया गया है।
प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समन्वय बनाकर पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी, सुचारू एवं सफल बनाएं।
