केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं और मानसून तैयारियों की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा

 

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं और आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 12 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इस दौरान 1.80 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की गईं, जबकि 83 गंभीर मरीजों का सफल हेली रेस्क्यू कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया गया। यात्रा कंट्रोल रूम के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है और स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, परिवहन, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।

प्रभारी मंत्री ने यात्रा मार्ग पर शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शटल सेवा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी रखें तथा संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक मशीनरी पहले से तैनात की जाए।

गणेश जोशी ने भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर सख्त निगरानी रखने तथा समय पर तथ्यात्मक जानकारी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

बैठक के बाद मंत्री ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का निरीक्षण कर यात्रा कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *