डोईवाला में कथित अनधिकृत धार्मिक परिसर पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भवन सील

देहरादून। जिला प्रशासन और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सोमवार को डोईवाला क्षेत्र में एक कथित अनधिकृत धार्मिक परिसर के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीपोखरी थाना क्षेत्र के कंडोगल-कुडियाला गांव स्थित एक दो मंजिला भवन को लेकर निर्माण मानकों एवं भूमि उपयोग संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मामले की जांच के दौरान पाया गया कि लगभग 800 वर्ग फुट क्षेत्रफल में निर्मित भवन का नक्शा मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं कराया गया था। साथ ही भवन के उपयोग को लेकर भी विभिन्न आपत्तियां दर्ज की गई थीं।

निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत एसडीएम डोईवाला एवं एमडीडीए की संयुक्त टीम सोमवार को मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माणों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि उक्त परिसर को लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से शिकायतें और आपत्तियां सामने आ रही थीं। प्रशासन ने आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *