देहरादून। लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भण्डारी ने सोमवार को उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के नवनियुक्त उपाध्यक्ष के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विनोद कुमार सुमन ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल भण्डारी ने कहा कि उत्तराखण्ड आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी, सशक्त एवं जन-केंद्रित बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों तथा अनुभवों का बेहतर उपयोग किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के अधिकाधिक पूर्व सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ने की होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश गांवों में पूर्व सैनिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति है, जिनका अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और मैदानी अनुभव आपदा जोखिम न्यूनीकरण, खोज एवं बचाव कार्यों तथा सामुदायिक आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने, समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और पूर्व सैनिकों के सहयोग से प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का एक मजबूत नेटवर्क विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव विनोद कुमार सुमन ने विश्वास व्यक्त किया कि लेफ्टिनेंट कर्नल भण्डारी के व्यापक प्रशासनिक, सैन्य एवं संगठनात्मक अनुभव का लाभ राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मिलेगा और उनके मार्गदर्शन में विभिन्न योजनाएं एवं पहल अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेंगी।
गौरतलब है कि लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भण्डारी ने भारतीय सेना में लगभग 38 वर्षों तक सेवाएं दी हैं। उन्होंने सेना के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों एवं इकाइयों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है तथा ऑपरेशन पवन, ऑपरेशन मेघदूत और ऑपरेशन विजय जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
