Your Website Description

लाखामंडल के जिम सेंटर के लिए आधुनिक मशीनें और आंगनबाड़ी भवन की मांग, बचना शर्मा ने मंत्री रेखा आर्य को सौंपा ज्ञापन

देहरादून। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित कार्यसमिति सदस्य बचना शर्मा ने लाखामंडल क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में जिम सेंटर के लिए आधुनिक मशीनें एवं उपकरण उपलब्ध कराने और आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराने की मांग उठाते हुए मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

बचना शर्मा ने बताया कि लाखामंडल का जिम सेंटर काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। यहां युवाओं के लिए आवश्यक आधुनिक मशीनों और उपकरणों की कमी है। ऐसे में युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिम सेंटर का आधुनिकीकरण जरूरी है। उन्होंने क्षेत्र में बच्चों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

युवाओं और बच्चों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग

बचना शर्मा ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से दोनों समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में युवाओं को खेल एवं व्यायाम की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और बच्चों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करना जरूरी है।

इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, पोषण तथा खेल एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में मंत्री रेखा आर्य द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।

बंद आईटीआई को दोबारा शुरू करने की उठाई मांग

बचना शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने वर्षों से बंद पड़े राजकीय आईटीआई लाखामंडल को दोबारा शुरू किए जाने को भी क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि आईटीआई के दोबारा संचालन से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के अवसर मिल सकते हैं।

मंत्री ने उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन

बचना शर्मा के अनुसार, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने उनके द्वारा उठाई गई मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इस अवसर पर ओम प्रकाश, भगतराम शर्मा, केशव शर्मा, ग्राम प्रधान बिना भट्ट, पूर्व प्रधान सुरेश शर्मा, नरेश, भावना, राजेंद्र शर्मा, मनोज गौड़, आसाराम शर्मा, पीरू और डब्ल्यू. आर्य सहित अन्य लोगों ने भी मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *