देहरादून। राजधानी में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संदिग्ध तत्वों पर नकेल कसने के लिए दून पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मंगलवार देर रात जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने करीब 5 हजार व्यक्तियों और 4 हजार वाहनों की बारीकी से जांच की।
अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सभी क्षेत्राधिकारी खुद सड़कों पर मौजूद रहे। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले की सभी सीमावर्ती चेक पोस्टों और आंतरिक मार्गों पर आने-जाने वाले निजी व सार्वजनिक वाहनों को रोककर तलाशी ली। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों से पूछताछ की गई और उनके सत्यापन संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई।
