रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कपाट खुलने के बाद मात्र 39 दिनों में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
22 अप्रैल को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। कपाट खुलते ही देश-विदेश से श्रद्धालुओं का सैलाब बाबा के दरबार की ओर उमड़ पड़ा। यात्रा के शुरुआती दिनों से ही रिकॉर्ड संख्या में भक्त धाम पहुंच रहे हैं और अब यात्रा ने 10 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार कर नया इतिहास रच दिया है।
चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड, प्रतिदिन 25 हजार से अधिक भक्त पहुंच रहे धाम; सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क
इन दिनों केदारपुरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मंदिर परिसर सुबह से लेकर देर शाम तक “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज रहा है। श्रद्धालु घंटों कतारों में खड़े होकर बाबा केदार के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। वहीं गौरीकुंड से लेकर केदारपुरी तक पूरा यात्रा मार्ग भक्तों की आस्था से सराबोर नजर आ रहा है।
रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 25 हजार से अधिक यात्री धाम पहुंच रहे हैं, जबकि सप्ताहांत और अवकाश के दिनों में यह संख्या और बढ़ जाती है।
एसपी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), डीडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी और समन्वय किया जा रहा है।
