देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की पहल, विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा मांग पत्र

टिहरी। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक विनोद कंडारी ने सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल से मुलाकात कर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा।

विधायक ने चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाले दबाव और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–बद्रीनाथ मंदिर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी, देवप्रयाग और ऋषिकेश के बीच एकमात्र प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां यात्रा सीजन में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में यहां सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती बेहद आवश्यक है।

मांग पत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड मशीन और तकनीशियनों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने सीएचसी कीर्तिनगर में अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना और तकनीशियन की नियुक्ति, सीएचसी हिंडोलाखाल में तकनीशियन तैनाती तथा बागी देवप्रयाग स्थित सीएचसी को संयुक्त चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की मांग की।

इसके अतिरिक्त, सीएचसी हिंडोलाखाल और कीर्तिनगर को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा देने की मांग भी रखी गई, ताकि क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हो सकें।

इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल के निर्देश पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग द्वारा श्रीनगर गढ़वाल स्थित उप जिला चिकित्सालय में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रचित गर्ग को प्रत्येक माह दो-दो दिन के लिए सीएचसी देवप्रयाग और हिंडोलाखाल में अल्ट्रासाउंड सेवाएं देने हेतु तैनात किया गया है।

विधायक विनोद कंडारी ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *