स्वच्छ व नवीकरणीय ऊर्जा से राष्ट्र निर्माण के लिए सतत प्रयासः डॉ. सिंघल
देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय उज्ज्वल के साथ ही निगम के अन्य विद्युतगृहों एवं कार्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल द्वारा उज्ज्वल परिसर में झंडारोहण किया गया। झंडारोहण के पश्चात निगम के कार्मिकों द्वारा विभिन्न राष्ट्रभक्ति पूर्ण गीतों एवं कविताओं का पाठ किया गया। प्रस्तुति देने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों में विवेक आत्रेय, गुंजन सरीन, संदीप राठौड़, रेखा डंगवाल, आदित्य राठी, गोविंद नौटियाल आदि शामिल थे। निगम की क्रीड़ा संबंधी गतिविधियों की जानकारी रेणु सिंह ने दी। इस अवसर प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। अपने संबोधन में डॉ. संदीप सिंघल ने कहा कि निगम स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सतत योगदान दे रहा है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर निगम के निदेशक परियोजनाएं सुरेश चंद्र बलूनी, निदेशक परिचालन विनय मिश्रा, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, आशीष जैन, विवेक आत्रेय तथा महाप्रबंधक के.के. जायसवाल, विकास बहुगुणा, आदि के साथ ही बड़ी संख्या में निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अभियंता मुख्यालय राकेश चौहान द्वारा किया गया।
